छतरपुर (मध्य प्रदेश) – छतरपुर में ऑनलाइन गेम में कथित तौर पर 40,000 रुपए गंवाने पर 13 वर्षीय लड़के ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छठी कक्षा के एक छात्र ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली और घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। उन्होंने बताया, ‘सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा है कि उसने मां के खाते से 40,000 रुपए निकाले और इस पैसे को ‘फ्री फायर’ गेम में बर्बाद कर दिया। छात्र ने अपनी मां से माफी मांगते हुए लिखा है कि अवसाद के कारण वह आत्महत्या कर रहा है।’
पुलिस ने बताया कि लड़के ने जब यह कदम उठाया तब उसकी मां और पिता घर पर नहीं थे। छात्र की मां प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में नर्स हैं और घटना के समय जिला अस्पताल में थीं। उन्होंने बताया कि रुपयों के लेनदेन को लेकर छात्र की मां के फोन पर संदेश आया, जिसके बाद मां ने अपने बेटे को इसके लिए डांट लगाई थी। इस पर लड़के ने कमरे में खुद को बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसकी बड़ी बहन वहां पहुंची तो उसने कमरा अंदर से बंद पाया और इसकी सूचना अपने माता-पिता को दी। उन्होंने बताया कि कमरे के दरवाजे को तोड़ा गया तो लड़का पंखे से लटका मिला।