बॉलीवुड की जानी-मानी सिंगर अलका याग्निक को 23 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म भूषण से सम्मानित किया है. इस दौरान हर कोई बेहद खुश था. लेकिन उनकी तस्वीरें और वीडियो देखकर फैंस काफी चिंतित भी हो गए. क्योंकि सिंगर मंच तक अटेंडेंट का सहारा लेकर चलती हुई नजर आई थीं और वो बेहद कमजोर भी लग रही थीं. बता दें कि दो साल से वो एक बीमारी से जूझ रही हैं. 2024 में वो अचानक से बहरेपन का शिकार हो गई थीं और अब तक इस बीमारी से उबर नहीं पाई हैं. अलका याग्निक ने जून 2024 में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके अपने तमाम चाहने वालों को हैरान कर दिया था. सिंगर ने बताया था कि उनके सुनने की क्षमता कम हो गई थी. उनके मुताबिक डॉक्टर्स ने ‘सेंसरी नर्व हियरिंग लॉस’ नाम की बीमारी का पता लगाया था. अलका याग्निक दो साल बाद भी इस बीमारी से पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई हैं. उन्होंने कुछ महीनों पहले एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें अब भी ये समस्या है और उनके लिए अब भी काम करना मुश्किल है. उन्होंने कहा था, ‘कंपोज़र कभी-कभी मुझसे कॉन्टेक्ट करते हैं. लेकिन मैं काम नहीं कर पा रही हूं.’