Paytm की मुश्किल खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. पेटीएम पर पहले आरबीआई का शिकंजा कसा तो अब उस पर ईडी ने कार्रवाई की है. पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशन लिमिटेड (OCL) और उसकी सब्सिडियरीज को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है. उनपर विदेशों से मिले फंड की जानकारी छिपाने का आरोप लगा है. आरबीआई दिशानिर्देशों के उल्लंघन को लेकर ईडी ने पेटीएम को 611 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने विभिन्न मामलों में फेमा के नियमों के ‘उल्लंघन’ के लिए पेटीएम की मूल कंपनी, उसके प्रबंध निदेशक और उससे जुड़ी इकाइयों को 611 करोड़ रुपये का कारण बताओ नोटिस जारी किया है. पेटीएम की 2023-24 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी के संस्थापक विजय शेखर शर्मा, इसके चेयरमैन, प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं.