जालंधर,पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने समाज में सद्भावना, सहिष्णुता और भाईचारे की साझेदारी के लिए नम्रता, दया और आपसी प्रेम जैसे उच्च गुणों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बाबा बलदेव सिंह जी के नेतृत्व में आज जिला जालंधर अधीन नकोदर सब-डिवीजन के निकट गुरुद्वारा दरबार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी, बुलंदपुरी साहिब में एच.के.एल. ग्लोबल मूवमेंट द्वारा आयोजित हलिमियों, हमदर्दियों और मुहब्बतों की 8वीं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में भाग लेते हुए पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि जिंदगी में तरक्की और सफलता हासिल करने के लिए सबसे पहला और महत्वपूर्ण गुण नम्रता है। उन्होंने कहा कि अहंकार मनुष्य को दूसरों से दूर करता है, जबकि नम्रता आपसी संबंधों को मजबूत करते हुए मनुष्य को मनुष्य से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि दया मानवीय जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और दूसरों के दुख-दर्द को समझना ही सच्ची मानवता की पहचान है।
प्रेम की महत्ता के बारे में बात करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि प्रेम एक ऐसी शक्ति है, जो विभिन्न विचारधाराओं, धर्मों और संस्कृतियों के लोगों को एक धागे में पिरो सकती है। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध और पर्यावरण संबंधी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे समय में आपसी मतभेदों और दूरियों को खत्म करके एकता, सद्भावना और भाईचारे की साझेदारी को प्रफुल्लित करना समय की मुख्य आवश्यकता है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों और धर्मों से संबंधित हस्तियां, स्टेट इंफॉर्मेशन कमिश्नर हरप्रीत संधू, एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क और अन्य हस्तियां भी मौजूद थी।
श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का जिक्र करते हुए पंजाब के राज्यपाल ने कहा कि गुरु साहिब द्वारा दिया गया किरत करो, नाम जपो और वंड छको का सिद्धांत आज भी मानवता के लिए प्रकाश स्तंभ है, जिस पर चलकर आदर्श समाज की रचना की जा सकती है। उन्होंने गुरु साहिब के प्रकृति संबंधी संदेश का हवाला देते हुए लोगों से प्रकृति से प्यार और सम्मान करने की अपील भी की।
उन्होंने बाबा बलदेव सिंह जी के नेतृत्व में एच.के.एल. ग्लोबल मूवमेंट द्वारा विश्व के विभिन्न देशों में नम्रता, दया और आपसी प्रेम का संदेश फैलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस में शामिल होना उनके लिए बड़े मान और सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर बाबा बलदेव सिंह जी ने पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया का विशेष सम्मान करते हुए कहा कि उनकी इस कॉन्फ्रेंस में भागीदारी से मानवता, आपसी प्यार और विश्व भाईचारे के संदेश को और बल मिलेगा।
इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल द्वारा हाजी सैयद सलमान चिश्ती, कर्टिस गैब्रियल, एंड्रिया मैथिस, रेव. डेविड बेदुजा, नतालिया वासिल्येवा, ब्रह्म कुमारी हुसैन दीदी, सोनाली सिंह, अनमोल कवात्रा सहित कॉन्फ्रेंस में शामिल विभिन्न क्षेत्रों और धर्मों से संबंधित प्रमुख हस्तियों का सम्मान भी किया गया।