महाराष्ट्र की सियासत में आजकल मर्जर की चर्चा सबसे अधिक है। पार्थ पवार और शरद पवार के बीच लगातार हो रही मुलाकातों के बाद महाराष्ट्र में NCP के दोनों गुटों के मर्जर को लेकर नई अटकलें तेज हो गई। लेकिन अजीत पवार गुट के पार्थ खेमे ने तुरंत मर्जर से साफ इनकार कर दिया है। पार्थ के करीबी सूत्रों के हवाले से मुंबई मिरर ने बताया कि फिलहाल वे शरद पवार की लीडरशिप वाली एनसीपी के साथ मर्जर करने को तैयार नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्थ खेमे ने अपने गठबंधन साथी भाजपा को भी यह बात साफ कर दी है। उन्होंने कहा है कि अगर भाजपा महायुति में शरद पवार की एनसीपी को शामिल करना चाहती है, तो उसे एक अलग NDA सहयोगी के रूप में ले सकती है। इसके लिए दोनों गुटों का मर्जर जरूरी नहीं है।
दरअसल, महाराष्ट्र की सियासी गलियारों में चर्चा है कि भाजपा मर्जर के पक्ष में है। अगर दोनों गुट मिल जाएं तो राज्य कैबिनेट और संसद में NDA की संख्या मजबूत हो सकती है, जिससे कानून पास कराना आसान हो जाएगा। लेकिन पार्थ खेमे ने मर्जर की चर्चा को जानबूझकर लगाई गई अटकलें बताया है। पार्थ के एक करीबी सूत्र ने कहा है कि मर्जर की बातें और सारे अंदाजे मीडिया की वजह से लग रहे हैं। यह जानबूझकर फैलाया जा रहा है ताकि ऐसा लगे कि पार्थ और सुनेत्रा कमजोर हैं और उनमें अनुभव की कमी है। यह सच्चाई नहीं है। दोनों जानते हैं कि पार्टी कैसे चलानी है और लीडरशिप को कैसे कंट्रोल में रखना है।