‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को 18 साल हो चुके हैं और इसका हर किरदार घर-घर में मशहूर हो गया है। चाहे दयाबेन हो, जेठालाल, मिस्टर भिड़े या फिर पोपटलाल…हर किरदार को दर्शकों ने खूब प्यार दिया है और उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है। ऐसा ही एक किरदार अब्दुल का भी रहा है, जो दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है। इस किरदार को एक्टर शरद संकला ने निभाया है। ‘तारक मेहता…’ साल 2008 में शुरू हुआ था, और तभी से शरद संकला इसमें अब्दुल का किरदार निभाते आ रहे हैं। हालांकि, इससे पहले सात साल तक शरद संकला बेरोजगार थे। उनके पास कोई काम नहीं था। हाल ही एक इंटरव्यू में शरद संकला ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद किया। मालूम हो कि शरद संकला ने बॉलीवुड में भी काम किया है। वह कुछ फिल्मों में छोटे-मोटे रोल्स में नजर आए। यहां तक कि वह शाहरुख खान स्टारर ‘बादशाह’ और ‘बाजीगर’ के अलावा ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘हम आपके दिल में रहते हैं’ और ‘साजन चले ससुराल’ में भी नजर आए थे। पर एक समय ऐसा था, जब शरद संकला के पास कोई काम नहीं था, और वह 7 साल तक खाली बैठे थे। लेकिन फिर ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ मिला, और उनकी जिंदगी बदल गई। शरद संकला आज हर घर में पहचाने जाते हैं और उनकी शो से अच्छी कमाई भी हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें ‘तारक मेहता’ में एक एपिसोड के लिए 35-40 हजार रुपये फीस मिलती है। इसके अलावा उनके मुंबई में दो रेस्टोंरेंट हैं, जिनसे अच्छी कमाई होती है। ‘बॉलीवुड टॉक’ के मुताबिक, शरद संकला का एक रेस्टोरेंट जुहू में है और इसका नाम ‘पार्ले पॉइंट’ है और दूसरा अंधेरी में है, जिसका नाम ‘चार्ली कबाब’ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद संकला की नेट वर्थ 4-6 करोड़ रुपये बताई जाती है। एक इंटरव्यू में शरद संकला ने बताया था कि उन्हें नहीं पता कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ कब तक चलेगा और उनके पास यही शो है, ऐसे में उन्होंने रेस्टोरेंट का बिजनेस शुरू करने का फैसला किया था ताकि परिवार को मदद मिल सके। पत्नी के अलावा उनका एक बेटा और एक बेटी है। शरद संकला की पत्नी का नाम प्रेमिला संकला है। वहीं बेटी का नाम कृतिका और बेटे का नाम मानव है। शरद संकला के करियर की बात करें, तो उन्होंने साल 1990 में फिल्म ‘वंश’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उसमें उनका छोटा सा रोल था, जिसके लिए सिर्फ 50 रुपये फीस मिली थी। अपने अब तक के करियर में उन्होंने 35 से ज्यादा फिल्में कीं, पर छोटे-मोटे रोल में ही नजर आए।