वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले यूनाइ़टेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (United Forum of Bank Unions -UFBU) ने 24-25 मार्च को होने वाली बैंक हड़ताल (Bank Strike on March 24-25) को टालने का फैसला किया है। पांच दिवसीय कार्यसप्ताह (5 Day Workweek) समेत कई प्रमुख मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया।
भारतीय बैंक संघ (Indian Banks’ Association- IBA), केंद्रीय वित्त मंत्रालय के तहत वित्तीय सेवा विभाग (DFS) और केंद्रीय श्रम आयुक्त (CLC) के प्रतिनिधियों ने चर्चा में भाग लिया। बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह मीटिंग, खासतौर पर यूनियनों की मांगों को संबोधित करने के लिए आयोजित की गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, UFBU के मुख्य सदस्य में से एक ऑल इंडिया बैंक इम्पलॉयीज एसोसिएशन (All India Bank Employees Association- AIBEA) ने एक बयान में यह पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले सप्ताह एक सफल बैठक आयोजित हुई। UFBU नौ बैंक यूनियनों का गठबंधन है। यूएफबीयू में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA और BEFI जैसे प्रमुख बैंकिंग यूनियन शामिल हैं।