1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में आम बजट पेश करेंगी. चूंकि इसका शेयर बाजार पर बड़ा असर पड़ता है इसलिए निवेशकों की इस पर नजर बनी रहती है. बजट में वित्त मंत्री की घोषणाएं शेयर बाजार की दशा-दिशा तय करती हैं. बजट वाले दिन बाजार की गतिविधियों के 25 सालों के इतिहास से पता चलता है कि केवल आठ ही बार बाजार में एक प्रतिशत से कम उतार-चढ़ाव आया है. डेटा से आगे पता चलता है कि इस दौरान शेयर बाजार में सबसे ज्यादा प्रॉफिट साल 2021 में हुआ, जब इसमें 4.7 परसेंट तक की तेजी आई. जबकि साल 2009 में परफॉर्मेंस सबसे खराब रहा, जब मार्केट में 5.8 परसेंट तक की गिरावट आई. हालांकि, अधिकांश मामलों में 25 में से 15 बार यह देखा गया कि बजट से बाजार में बिकवाली बढ़ी, जिसके चलते बजट से पहले निवेशक बाजार से दूरी बनाए रखते हैं.
अनिश्चितता के इस माहौल में निवेशकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे अपनेपोर्टफोलियो में किसी ऐसे एसेट को शामिल करें, जिस पर मार्केट में तेज गिरावट का असर न के बराबर हो. बजट से पहले अपनी तैयारी कैसे करनी है इस पर Wright Research PMS की फाउंडर और फंड मैनेजर सोनम श्रीवास्तव ने द मिंट से बात की. उन्होंने निवेशकों को सलाह देते हुए कहा, अपने पोर्टफोलियो में इक्विटी, डेट और गोल्ड जैसी अलग-अलग चीजें शामिल करें. उन्होंने किसी भी मौके का फायदा उठाने के लिए हाथ में कैश रखने की भी सलाह दी.