देश में सोने-चांदी के रेट में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. कुछ दिनों तक लगातार चढ़ने के बाद सोना और चांदी के रेट में आज कमजोरी हावी है और ये दोनों कीमती मेटल्स लाल दायरे में कारोबार कर रही हैं. सोना ग्लोबल बाजार में भी निचले रेट पर मिल रहा है तो चांदी में भी सुस्ती का ही रुख देखा जा रहा है. सोने के रेट आज स्थानीय सर्राफा बाजार में भी स्थिर बने हुए हैं.
कमोडिटी बाजार में सोने का रेट और चांदी का भाव गिरावट पर दिखाई दे रहे हैं और इन पर ग्लोबल बाजार से आ रहा दबाव का कारण मुख्य है.मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के दाम में आज गिरावट देखी जा रही है और ये 84 रुपये या 0.11 फीसदी की गिरावट पर कारोबार कर रहा है. सोने का फरवरी वायदा 79480 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है. आज इसमें 79393 रुपये के निचले स्तर देखे गए थे और सोना ऊपरी भाव में 79536 रुपये तक गया था.
सोने का अप्रैल वायदा जरूर 80,000 रुपये के पार निकला हुआ है और इसमें 156 रुपये या 0.19 फीसदी की गिरावट बनी हुई है. सोने में 80082 रुपये प्रति 10 ग्राम तक के लेवल देखे जा रहे हैं. ऊपर में सोना 80208 रुपये और नीचे में 80022 रुपये प्रति 10 ग्राम तक नीचे गया था.