किसानों के दिल्ली कूच के दौरान कई तरह की खबरें और अफवाहें फैल रही हैं. इस बीच 23 साल के एक युवक की मौत की खबर भी सामने आ रही है, जिसे हरियाणा पुलिस ने अफवाह बताया है. हरियाणा पुलिस ने साढ़े तीन बजे ट्वीट कर साफ किया कि अब तक किसी की मौत की कोई जानकारी उन्हें नहीं है. पुलिस ने इसे अफवाह बताया है. ट्वीट में हरियाणा पुलिस की तरफ से कहा गया है, ‘अभी तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार आज किसान आंदोलन में किसी भी किसान की मृत्यु नहीं हुई है. यह मात्र एक अफवाह है. दाता सिंह खनोरी बॉर्डर पर दो पुलिसकर्मी और एक प्रदर्शनकारी के घायल होने की सूचना है जो उपचाराधीन है.’ किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल मे न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि हम आगे गए, सरकार ने हमें बातचीत का न्यौता दिया. सरकार हमारे खिलाफ प्रचार करती है. उन्होंने कहा कि किसान का दावा है एक 23 साल के बच्चे की मौत हो गई है. दिल्ली बाद में चले जाएंगे, पहली हमारी जिम्मेदारी उस बच्चे के प्रति है, जो शहीद हो गया है.