जालंधर, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन 6 नवंबर को एपल पब्लिक स्कूल, रोहिणी कॉलोनी, बस्ती पीर दाद में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा युवाओं को नौकरियां प्रदान की जाएंगी।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर विशेष सारंगल ने बताया कि यह मेगा जॉब मेला मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के निर्देशों पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पेटीएम सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, एलआईसी इंडिया, एच.डी.एफ.सी बैंक, फोन पे, एक्सिस बैंक, सोलर फर्स्ट एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, के-2 सक्सेस और अन्य बैंक युवाओं का इंटरव्यू लेंगे और उन्हें रोजगार प्रदान करने के लिए चुनाव करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मेगा जॉब फेयर में लड़के और लड़कियां भाग ले सकते है और उनकी कम से कम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन (बीबीए, बीसीए, बीकॉम या अन्य) और पोस्ट ग्रेजुएशन (एमबीए, एमसीए या अन्य) होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान 15000 से 30000 तक का सैलरी पैकेज दिया जाएगा।
श्री सारंगल ने कहा कि बेरोजगार युवाओं के लिए इस रोजगार मेले में भाग लेकर अपनी पसंद की नौकरी पाने का यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले नौकरी चाहने वाले और नौकरी देने वाले के बीच एक कड़ी के रूप में कार्य करते हैं ताकि जहां युवाओं को उनकी पसंद की नौकरी मिल सके, वहीं दूसरी तरफ नियोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार कुशल जनशक्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार ब्यूरो के व्हाट्सएप नंबर 90560-20100 पर संपर्क किया जा सकता है।