बुधवार देर रात पुलिस लाइन के पास स्थित एक होटल के बाहर नशे में धुत पुलिस कर्मचारी (Drunk Police Officer) ने आधा दर्जन गाड़ियों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन सारे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। नशे में धुत एएसआई (ASI) ने खूब हंगामा किया और लोगों के साथ बदसूलकी की। सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और नशे में धुत कर्मचारी को मेडिकल करवाने की बात कहकर साथ ले गई। वहीं, देर रात क्षतिग्रस्त वाहन चालकों का आरोप था कि आरोपित पुलिस कर्मचारी को बचाने के लिए पुलिसकर्मी उसे साथ ले गए। देर रात पुलिस लाइन रोड पर नशे में धुत एक पुलिस मुलाजिम ने अपनी गाड़ी एक होटल के बाहर खड़ी गाड़ियों में भिड़ा दी।
बताया जा रहा था कि वहां पर डाक्टरों की एक मीटिंग चल रही थी और वहां पर मौजूद डाक्टरों की गाड़ियां बाहर खड़ी थी। नशे में धुत पुलिस कर्मचारी ने पहले एक गाड़ी में टक्कर मारी और फिर बचाने के चक्कर में बाकी गाड़ियों को भी टक्कर मार दी। बताया जा रहा था कि जिस पुलिस कर्मचारी ने नशे में धुत होकर गाड़ियों को टक्कर मारी वो पुलिस लाइन में कार्यरत है और उसका नाम जसपाल है।