विदेशों में महिलाओं के शोषण को रोकने के लिए नीति बनाएगी पंजाब सरकार : डा. बलजीत कौर

जालंधर, (संजय शर्मा)-पंजाब की महिलाओं को विदेश भेजकर उनके साथ हो रहे शोषण को राज्य सरकार गंभीरता से ले रही है। इस संबंध में राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री डा. बलजीत कौर की अध्यक्षता में 11 जून को जालंधर में महिलाओं के शोषण को रोकने के लिए राज्य स्तरीय नीति बनाने के लिए पीडि़तों से चर्चा कर रही है। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री डा. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब की जो महिलाएं विदेश जाने की इच्छुक है, वहां बस गई है या लौट आई है, उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगवाई में पंजाब सरकार की तरफ से विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ एजेंट प्रदेश की महिलाओं को विदेश भेजने की मंशा से गलत बयानी व झूठी बयानबाजी कर अवैध रूप से उनका शोषण कर रहे है। पंजाब सरकार इस स्थिति पर काबू पाने के लिए राज्य स्तरीय नीति तैयार करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस नीति में हर तरह के शोषण का शिकार हुई महिलाओं की आपबीती सुनने और उनके सुझावों को नीति में शामिल करने के लिए 11 जून को दफ्तर डिप्टी कमिश्नर जालंधर में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक परिचर्चा आयोजित की जा रही है।
मंत्री ने बताया कि महिलाओं के शोषण की घटनाएं विशेषकर अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, मध्य पूर्वी देशों जैसे कुवैत, दुबई, ओमान आदि से सामने आती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के खराब व्यवहार को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है।
मंत्री ने कहा कि एनआरआई व्यक्तियों/एजेंटों/रिश्तेदारों द्वारा ठगी गई महिलाओं को इस चर्चा में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न डिप्टी कमिश्नरों ने भी अपने जिलों से इन औरतों जो विदेशों में शोषण की शिकार हुई है,को इस चर्चा में शामिल होने के लिए पत्र लिखा गया है। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर: 0181-2253285, 70092-39158 और सखी वन स्टॉप सेंटर, जालंधर 90231-31010 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *