छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ा नक्सली हमला, बम धमाके में 10 DRG जवानों समेत 11 की मौत

दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बुधवार को बड़ा नक्सली हमला हुआ। दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट से वाहन के चालक समेत 11 डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) के जवानों की मौत हो गई। दंतेवाड़ा के अरनपुर के पास जवानों के ले जा रहा वाहन नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी की चपेट में आ गया। बड़े धमाके के साथ वाहन के परखच्चे उड़ गए तो इसमें बैठे जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर दंतेवाड़ा से डीआरजी बल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। अभियान के बाद वापसी के दौरान माओवादियों ने अरनपुर मार्ग पर बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। इस घटना में अभियान में शामिल डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए और एक वाहन चालक की मृत्यु हो गई।उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए अतिरिक्त बल रवाना किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना की पुष्टि करते हुए दुख जाहिर किया है। उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के सीएम से फोन पर बात की है और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है। बघेल ने कहा कि कहा कि यह लड़ाई अंतिम दौर में है और नक्सलियों को किसी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा। योजनाबद्ध तरीके से नक्सलवाद को खत्म किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *