नगालैंड-मेघालय में आज विधानसभा चुनाव हो रहे हैं. सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चली. नगालैंड में 183 कैंडिडेट अपनी किस्मत आजमाने चुनावी मैदान में हैं. यहां 59 सीटों पर विधानसभा चुनाव हो रहा है. दरअसल, 60 सीटों वाले सूबे में जुन्हेबोटो जिले की अकुलुतो सीट पर भाजपा के उम्मीदवार और मौजूदा विधायक काज़ेतो किनिमी ने निर्विरोध जीत हासिल कर चुके हैं. अब 13 लाख से ज्यादा मतदाता 183 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. वोटों की गिनती दो मार्च को होगी. वहीं,मेघालय की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर वोटिंग हुई है. यहां 21.6 लाख वोटर्स 369 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. यहां तृणमूल कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय दल चुनावी ताल ठोक रहे हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफ आर खारकोंगोर ने कहा कि 3,419 मतदान केंद्रों पर मतदान चल रहा है, जिनमें से 640 को ‘असुरक्षित’ और 323 को ‘संवेदनशील’ के रूप में वर्गीकृत किया गया है. 369 उम्मीदवारों में से 36 महिलाएं हैं.