पंजाब में एक बड़ी फिल्म सिटी स्थापित करने की योजना : मुख्यमंत्री भगवंत मान

MUMBAI : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को मुंबई पहुंचे। मान दो दिनों के लिए मुंबई आए हैं। यहां पर वो उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। मुंबई पहुंचने पर मान ने कहा कि हम पंजाब में एक बड़ा फिल्म उद्योग बनाने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए मैं बड़े प्रोडक्शन हाउस से अनुरोध करूंगा कि आप पंजाब में आकर अपना स्टूडियो बनाइए। मैं पंजाब के फिल्म उद्योगऔर बॉलीवुड का मिलाप कराने के लिए आया हूं। भगवंत ने कहा कि मैं फरवरी में होने वाले इनवेस्ट पंजाब कन्वेंशन के सिलसिले में कारोबारियों से मिलने और उन्हें न्यौता देने के लिए मैं मुंबई पहुंचा हूं। हम पंजाब में बड़े स्तर पर उद्योग को बढ़ावा देंगे। टीम महाराष्ट्र की ओर से गर्मजोशी भरे स्वागत और अपार सम्मान और प्यार के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।
शनिवार को मोहाली में स्कूल ऑफ एमिनेंस के उद्घाटन के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा था पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान पंजाब को केवल कागज पर शिक्षा में अग्रणी राज्य दिखाया गया था। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब राज्य वास्तव में छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में देश का नेतृत्व करेगा। सीएम मान ने कहा कि सरकारी स्कूल बुनियादी ढांचे और जनशक्ति के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पिछली सरकारों ने फर्जी आंकड़े पेश कर लोगों को गुमराह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि इन सरकारों ने शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की उपेक्षा की, इसलिए राज्य इस शिक्षा में पिछड़ गया। सीएम ने आगे कहा कि कई छात्रों को अपनी शिक्षा बीच में छोड़ने के लिए मजबूर किया जाता है जिससे उनका उज्‍जवल भविष्य बर्बाद हो जाता है। संसाधनों की कमी और पिछली सरकारों की ढिलाई के कारण लड़कियां अपनी शिक्षा जारी नहीं रख पा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *