इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला, पकड़े जाने के डर से आतंकी ने खुद को उड़ाया

नई दिल्ली, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला हुआ है। स्थानीय समाचार पत्रों का दावा है कि शुक्रवार की सुबह इस्लामाबाद के आई-10/4 सेक्टर में एक कार में जबरदस्त धमाका हुआ। आतंकी ने पकड़े जाने के डर से कार समेत खुद को उड़ा दिया। आतंकी की साथी महिला भी धमाके में काफी जख्मी हुई है। इसमें एक पुलिस कर्मी की भी मौत हो गई। जबकि चार पुलिस अधिकारी बुरी तरह घायल हैं। पुलिस का कहना है कि कार को चेकिंग के लिए जब रोका गया तो आतंकी ने खुद को कार समेत उड़ा दिया था। डॉन समाचार पत्र ने इस्लामाबाद पुलिस के हवाले से बताया, “इस्लामाबाद के आई-10/4 सेक्टर में शुक्रवार को एक वाहन में हुए आत्मघाती विस्फोट में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया।” जबकि, चार पुलिस अधिकारी और दो आम नागरिक बुरी तरह जख्मी हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस्लामाबाद पुलिस ने कहा कि पुलिस अधिकारी स्नैप-चेकिंग कर रहे थे जब उन्होंने संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया। बयान में कहा गया है, “कार अधिकारियों के पास रुकने के तुरंत बाद वाहन में सवार एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इस हमले में पुलिसकर्मी भी चपेट में आ गया।” हालांकि, पुलिस के बयान में वाहन में सवार लोगों की संख्या का जिक्र नहीं था। पुलिस उप महानिरीक्षक सोहेल जफर चट्ठा के अनुसार, पुलिस ने क्षेत्र में सुबह 10:15 बजे एक “संदिग्ध वाहन” देखा, जिसमें एक पुरुष और एक महिला सवार थे। “जब पुलिस ने वाहन को रोका, तो दंपति कार से बाहर आए। अधिकारियों द्वारा चेक किए जाने के दौरान, वह व्यक्ति किसी बहाने वाहन के अंदर गया और फिर खुद को उड़ा लिया।” चट्ठा ने आगे कहा कि विस्फोट में ईगल दस्ते के एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायल हो गए। जिसमें चार पुलिस अधिकारी और दो आम नागरिक शामिल हैं। सभी को पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *