ब्रिटेन की एक बिल्ली मौसी मनाएगी 27वां जन्मदिन, नाम गिनीज-बुक में दर्ज

LONDON : ब्रिटेन में करीब दो महीने बाद अपना 27वां जन्म दिन मनाने जा रही फ्लोसी का नाम विश्व कीर्तिमानों की पुस्तक गिनीज-बुक में सबसे दीर्घजीवी बिल्ली के रूप में दर्ज हो गया है। गिनीज बुक के सोशल मीडिया पर दी गयी जानकारी के अनुसार काले और भूरे रंग की बिल्ली मौसी फ्लोसी की सुंदरता और उसकी चपलता आज भी ऐसी है कि उसकी उम्र को लेकर धोखा हो सकता है। ‘म्याऊं-म्याऊं करती हुई पूरी तरह से सक्रिय फ्लोसी दुनिया में सबसे उम्रदराज मादा बिल्ली है।
गिनीज बुक के अनुसार इसने अपने 26 वर्ष 316 दिन पूरे कर लिए हैं। अगर मनुष्य की आदर्श आयु 100 साल माने तो यह बिल्ली अपनी प्रजाति की आदर्श आयु के हिसाब से 120 साल की बुजुर्ग मानी जा सकती है। बिल्लियों की एक आदर्श उम्र 20-22 साल मानी जाती है। जानकारी के अनुसार फ्लोसी की दृष्टि कुछ कमजोर हो चली है और उसे कानों से सुनाई भी कम देता है, पर यह पालतू जानवार अब भी स्वस्थ है।
इस लम्बी जीवन यात्रा में फ्लोसी कई घरों और मालिकों का प्यार-दुलार पा चुकी है, वह खाना और गोद में खेलना पसंद करती है। फ्लोसी इस समय विक्की नामक सज्जन के घर में है, जिनका कहना है कि वह अब भी खेलती है तथा जिज्ञासु है। आंख, कान की शक्ति कमजोर होने के बावजूद वह तेजी से अपने आपको नए परिवेश में ढाल लेती है।
विक्की का कहना है कि वह अब भी अपने मालिक के पसंदीदा पीले कंबल में सोती है और कटोरा भर भोजन चाव से खाती है। विक्की का कहना है, “अब भी अच्छा भोजन सामने हो तो वह कभी सूंघ कर मुंह नहीं फेरती है।” गिनजी बुक ने इस बिल्ली की आयु का आकलन करने का काम अगस्त 2022 में शुरू किया था। उसी माह इसे ब्रिटेन के एक परमार्थ संगठन कैट्स प्रोटेक्शन को देख भाल के लिए दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *