रूस ने यूक्रेन की सीमा में घुसने और दो शहरों पर कब्जा करने के लिए भेजे रूसी सैनिक

MASCOW : यूक्रेन और रूस के बीच हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। मीडिया के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन की सीमा में घुसने और दो शहरों डोन्त्सक और लुहांस्क पर कब्जा करने के लिए रूसी सैनिक भेज दिए हैं। 100 से ज्यादा मिलिट्री ट्रक यूक्रेन की सीमा की ओर जाते दिखाई दिए हैं। इधर, अमेरिका ने भी बाल्टिक देशों में अपने सैनिक व हथियार भेजना शुरू कर दिया है। वहीं ब्रिटेन, कनाडा के अलावा कई देशों ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।
वहीं जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने बुधवार को कहा कि जापान यूक्रेन में उसकी हरकतों को देखते हुए रूस पर प्रतिबंध लगा रहा है, जिसमें जापान में रूसी बांड जारी करने पर रोक भी लगाना शामिल है और कुछ रूसी व्यक्तियों की संपत्ति को फ्रीज करना शामिल है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने प्रतिबंधों की घोषणा की है। दो रूसी वित्तीय संस्थानों पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान करते हुए राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि रूस, पश्चिमी देशों के साथ और व्यापार नहीं कर पाएगा। हमारे पास कई कदम हैं जो उठाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि हम दोनों देशों के बीच जारी विवाद को सुलझाने की कोशिश करते रहेंगे। वहीं, रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने यूक्रेन से अपने राजनयिक कर्मियों को बाहर निकालने का फैसला किया है। मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन में रूसी राजनयिकों को कई धमकियां मिली हैं और राजनयिक कर्मियों को ”शीघ्र अति शीघ्र” निकाला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *