पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने रविवार को 1993 के दिल्ली बम विस्फोट के दोषी देविंदर पाल सिंह भुल्लर की तत्काल रिहाई की मांग की। कभी मौत की सजा पा चुके दोषी देविंदर पाल सिंह भुल्लर की रिहाई की मांग पहले भी उठती रही है। इस बार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रकाश सिंह बादल ने ये मांग करके दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को घेरा है। पूर्व सीएम ने पंजाब में “शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने के बड़े हित” में भुल्लर को तत्काल रिहा करने की मांग की। भुल्लर को विस्फोट में नौ लोगों की हत्या और 31 लोगों के घायल होने के मामले में दोषी ठहराया गया था। हमले में जीवित बचे लोगों में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एम एस बिट्टा भी शामिल हैं। यहां एक बयान में, बादल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से “सांप्रदायिक पूर्वाग्रह या राजनीतिक या चुनावी अवसरवाद” को अपने फैसले के आड़े नहीं आने देने की अपील की। उन्होंने दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया कि वो जान-बूझकर भुल्लर की रिहाई की फाइल पर दस्तखत करके अप्रूवल नहीं दे रही है। बादल ने कहा कि मानवीय आधार पर भुल्लर की रिहाई की फाइल को दिल्ली सरकार को पास कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, भुल्लर को बिना किसी देरी के रिहा किया जाना चाहिए क्योंकि वह पहले ही जेल में अपनी पूरी सजा काट चुका है।