अकाली दल अमन शांति चाहता है इसलिए कांग्रेस नई परंपरा न शुरू करे : चंदूमाजरा
CHANDIGARH : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ नशा कारोबार मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर मोहाली में एनडीपीएस की धारा 25, 27 (ए) और 29 के तहत पुराने मामले में स्पेशल टास्क फोर्स की रिपोर्ट के आधार पर कल देर रात दर्ज की गई है। उधर, इस मामले में पूरे प्रदेश की सियासत गरमा गई है। शिअद सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल ने इस एफआईआर को बदले की राजनीति कहते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस को चैलेंज मंजूर है। उन्होंने कहा कि कानूनी लड़ाई लड़ते हुए सच सामने लाया जाएगा। वहीं शिअद के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि अकाली दल अमन शांति चाहता है इसलिए कांग्रेस नई परंपरा न शुरू करे।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और बादल परिवार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि ड्रग्स मामले में मजीठिया के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई उन लोगों के मुंह पर तमाचा है जो सालों तक इस गंभीर मुद्दे पर आंख मूंदे रहे। सिद्धू ने कहा कि बादल परिवार और कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में साढ़े पांच साल तक भ्रष्ट सिस्टम को चलाया। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय और स्पेशल टास्क फोर्स की रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसलिए, आखिरकार अब इस मामले में ईमानदार अधिकारियों को आदेश देकर पहला कदम उठाया गया है।