200 दिन अंतरिक्ष केंद्र में बिताने के बाद पृथ्वी पर लौटे 4 अंतरिक्ष यात्री

MAXICO : चार अंतरिक्ष यात्री 200 दिन अंतरिक्ष केंद्र में बिताने के बाद SpaceX कैप्सूल से सोमवार को पृथ्वी पर उतरे। उनका कैप्सूल रात के अंधेरे में फ्लोरिडा के पेन्साकोला तट पर मेक्सिको की खाड़ी में उतरा। वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र से रवाना होने के महज आठ घंटे बाद पृथ्वी पर पहुंचे, जिससे उनके स्थान पर चार अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के बुधवार रात तक स्पेसएक्स से अंतरिक्ष केंद्र के लिए रवाना होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इन चारों अंतरिक्ष यात्रियों को पहले ही रवाना करना था लेकिन खराब मौसम और एक अंतरिक्ष यात्री की अज्ञात चिकित्सा स्थिति के कारण इसमें देरी हुई। नासा के अंतरिक्ष यात्री शेन किमबरॉ और मेगन मैकआर्थर, जापान के अकिहितो होशिदे और फ्रांस के थॉमस पेस्कवेट को सोमवार सुबह वापस लौटना था लेकिन तेज हवाओं के कारण उनकी वापसी में देरी हुई। अंतरिक्ष केंद्र से नासा के अंतरिक्ष यात्री मार्क वेंदे हेइ ने अपने साथी अंतरिक्ष यात्रियों को विदाई दी और मैकआर्थर से कहा, ‘‘मैं पास के मॉड्यूल से आपके ठहाकों की आवाज सुनने की कमी महसूस करूंगा।’’ इन चारों अंतरिक्ष यात्रियों के पृथ्वी पर लौटने की राह आसान नहीं रही। उनके कैप्सूल में शौचालय टूट गया था और उन्हें घर वापसी की आठ घंटे की यात्रा के दौरान डायपर पहनना पड़ा। इससे पहले अप्रैल में रवाना होने के तुरंत बाद मिशन कंट्रोल ने अंतरिक्ष में कचरे के एक टुकड़े के उनके कैप्सूल से टकराने को लेकर आगाह किया था लेकिन बाद में यह गलत चेतावनी निकली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *