NEW DELHI : हरीश रावत को पंजाब कांग्रेस के प्रभारी पद से हटा दिया गया है। हरीश चौधरी अब उनकी जगह पंजाब व चंडीगढ़ कांग्रेस के इंचार्ज होंगे। उन्हें कांग्रेस कार्य समिति का सदस्य बनाए रखा गया है। हरीश चौधरी राजस्थान के राजस्व मंत्री हैं। वह 2017 में पंजाब के सह प्रभारी भी रहे हैं। बता दें कि हरीश रावत खुद भी इस पद से छुट्टी मांग रहे थे। रावत ने ट्वीट कर लिखा था कि मैं आज एक बड़ी दुविधा से उबर पाया हूं। एक तरफ जन्मभूमि के लिए मेरा कर्तव्य है और दूसरी तरफ कर्मभूमि पंजाब के लिए मेरी सेवाएं हैं, स्थितियां जटिल से जटिल होती जा रही हैं, क्योंकि जैसे-जैसे चुनाव आएंगे, दोनों जगह व्यक्ति को पूरा समय देना पड़ेगा।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हरीश चौधरी की नियुक्ति की। वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि पार्टी महासचिव के तौर हरीश रावत के योगदान की सराहना करती है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस में पिछले कई महीनों से चल रही उठापटक की पृष्ठभूमि में रावत ने पिछले दिनों कांग्रेस आलाकमान से आग्रह किया था कि उन्हें पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाए। उनकी दलील थी कि वह अपने उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।