PANCHKULLA : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को बड़ा झटका लगा है। रणजीत हत्या मामले में सीबीआई कोर्ट ने आज बड़ा फैसला सुनाया है। राम रहीम सहित पांच आरोपियों को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। हालांकि, सजा का ऐलान अभी नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की विशेष अदालत 12 अक्टूबर को सभी दोषियों की सजा सुनाएगी। जानकारी के अनुसार, मामले में राम रहीम, कृष्ण लाल, सबदिल, अवतार, जसबीर को दोषी करार दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी इंदरसैन की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को मामले में आरोपी डेरामुखी गुरमीत राम रहीम और कृष्ण कुमार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। वहीं, आरोपी अवतार, जसवीर और सबदिल प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट में पेश रहे। अदालत ने इस मामले में पहले 26 अगस्त को फैसला सुनाना था। 19 साल पुराने इस मामले में बीते 12 अगस्त को अंतिम सुनवाई हुई थी। सीबीआई जज डॉ. सुशील कुमार गर्ग की अदालत में करीब ढाई घंटे बहस के बाद आरोपियों को शुक्रवार को दोषी करार दिया गया। बता दें कि रणजीत सिंह की 2002 में हत्या हुई थी। मामले में सिरसा डेरा प्रमुख राम रहीम को आरोप बनाया गया।