NEW DELHI : दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा में कथित संलिप्तता से जुड़े एक मामले में गैंगस्टर लक्खा सिधाना को शुक्रवार को अग्रिम जमानत दे दी है। आरोपी सिधाना की ओर से पेश हुए वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल जांच में शामिल हुए और जांच एजेंसी को पूरा सहयोग कर रहे हैं। वहीं पुलिस की ओर से पेश वकील ने सिधाना की जमानत याचिका का विरोध करते हुए कोर्ट को बताया कि सिधाना ने प्रदर्शनकारियों को लाल किले aमें आमंत्रित किया था और इस मामले में मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक है।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली थी। इस दौरान उनकी पुलिस से भिड़त हो गई थी। वहीं भारी संख्या में किसान लाल किले में घुस गए थे और वहां एक गुंबद पर धार्मिक झंडा फहरा दिया था। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे।