AMRITSAR : पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI समर्थित एक और आतंकी माड्यूल बेनकाब करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने 4 आतंकवादियों को गिरफ्तार करके बड़ी आतंकी साजिश नाकाम कर दी। आरोपितों ने 8 अगस्त को आईईडी टिफिन बम से आयल टैंकर को उड़ाने की साजिश रची थी। मामला अगस्त में जालंधर से आतंकी गुरमुख सिंह की गिरफ्तारी से जुड़ा है। पुलिस ने पिछले 40 दिन में चौथे पाकिस्तानी आंतकी माड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी बुधवार शाम डीजीपी दिनकर गुप्ता ने दी। उधर, मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आतंकियों की गिरफ्तारी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान रूबल सिंह, विकी भट्टी, मलकीत सिंह और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। रूबल को मंगलवार को अंबाला से गिरफ्तार किया गया था जबकि बाकी तीनों को अजनाला में उनके गांवों से बुधवार को गिरफ्तार किया गया है। इनका पांचवें साथी गुरमुख सिंह बराड़ को कपूरथला पुलिस ने 20 अगस्त को जालंधर से गिरफ्तार किया था।
अजनाला में किया था टैंकर ब्लास्ट : चारों आतंकियों ने 8 अगस्त की रात 11.30 बजे अजनाला में शर्मा फिलिंग स्टेशन के पास आयल टैंकर उड़ाने की कोशिश की थी। उस रात पुलिस को सूचना मिली थी कि अमृतसर-अजनाला रोड पर भाखा तारा सिंह गांव के पास एक आयल टैंकर में आग लग गई है। आग पर दमकल की गाड़ियों ने काबू पाया था। बाद में, सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि रात करीब 11 बजे फिलिंग स्टेशन के पास 4 संदिग्ध व्यक्ति पहुंचे थे। कुछ देर रुकने के बाद वे अमृतसर की तरफ गए और फिर लौटकर 11.19 बजे आयल टैंकर के फ्यूल टैंक पर संदिग्ध वस्तु रखने लगे। 11.29 बजे दो और संदिग्ध लौटे और कुछ ही मिनटों में आयल टैंकर में धमाका हो गया और आग लग गई।