जालंधर, (संजय शर्मा)-शास्त्री नगर पुल से लेकर लेदर कंपलेक्स पुल तक बीते दिनों स्टार्म सीवरेज की पाइप डाली गई थी, जिस कारण सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। इस टूटी हुई सड़क से सटी कॉलोनियां तथा मेन रोड के दुकानदार काफी परेशानी का सामना कर रहे थे। अब जबकि बरसात का मौसम शुरू हो गया है तथा वहां कीचड़ अधिक होने के कारण व्हिकल से तो दूर की बात है पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया था। लोगों की इस परेशानी को देखते हुए जालंधर वेस्ट के विधायक सुशील रिंकू तथा मेयर जगदीश राजा ने आज इस सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करवा कर लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है। यह सड़क पर लगभग 2 करोड 36 लाख की लागत से बनने जा रही है। विधायक सुशील रिंकू ने बताया कि जालंधर वेस्ट में जो विकास कार्य चल रहे हैं वह लोगों की भलाई के लिए ही चलाए जा रहे हैं। इस सड़क पर पहले स्टार्म सीवरेज की पाइपें डालने के कारण सड़क पूरी तरह टूट चुकी थी लेकिन वह भी जरूरी काम था, क्योंकि गत कई वर्षों से हर बरसात में लोगों को खासकर बस्तियात क्षेत्र में बरसाती पानी से बहुत ही मुश्किल हो रही थी तथा परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब आगे ऐसा नहीं होगा। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर ट्रैफिक बहुत ज्यादा है तथा रोजाना बड़ी संख्या में हैवी व्हिकल भी इस सड़क से गुजरते हैं। इसलिए अब इस सड़क को हाईवे की सड़क की तर्ज पर बनाया जा रहा है ताकि यह सालों साल चल सके तथा जल्दी ना टूटे। इस अवसर पर विधायक सुशील रिंकू,मेयर जगदीश राजा, पार्षद बाजवा, राजेश अग्निहोत्री, कुणाल शर्मा,पार्षद श्रीमती चरणजीत कौर संधा, एडवोकेट अमित संधा, पार्षद पति बलबीर अंगुराल एवं अन्य इलाका निवासी उपस्थित थे।