जालंधर, (संजय शर्मा)-मशहूर पंजाबी गायक लेहम्बर हुसैनपुरी पर पत्नी, बच्चों और साली को पीटने के आरोप लगे है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पत्नी, बच्चों और साली को मेडिकल करवाने सरकारी अस्पताल ले गई। जानकारी के अनुसार सोमवार रात न्यू देओल नगर में गायक की कोठी के बाहर खूब हंगामा छाया रहा। साली राजनी अरोड़ा ने कहा कि उनकी बहन के साथ लेहम्बर हुसैनपुरी की शादी को 14 साल हो गए, तीन बच्चे हैं । जीजा उनकी बहन और उन पर शक करता है और गंदी गालियां निकालता है । इतना ही नहीं इसी शक के चलते जीजा ने घर के सभी बैडरूम और बाथरूम में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगवाए हुए हैं । बहन और बच्चे सब सहन करते है। आज घर के सामने जीजा की कोठी को किराए पर लेने के लिए कुछ लोग आए तो जीजा ने यहां पहुंच कर हंगामा खड़ा कर दिया और हम सबसे मारपीट की। हम बहुत देर से सहन कर रहे हैं लेकिन अब हमें इंसाफ चाहिए। इन आरोपों के बारे में लेहम्बर से पूछा गया तो उसने कहा कि उसने सीसीटीवी में कोठी में अनजान लोग देखे तो आकर उन्हें बाहर निकाला। वहीं साली और पत्नी पर आरोप लगाते लेहम्बर ने कहा कि मैं घर आया तो साली ने मुझे थप्पड़ मारा। यहां तक कि पत्नी भी मुझसे हाथापाई करने लगी। सालियां मुझे बुलाती नहीं लेकिन मेरे जाते ही घर में आ जाती हैं । मौके पर पहुंचे भार्गव कैम्प थाना के मुखिया भगवंत भुल्लर ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।