जालंधर,(विशाल)-स्मार्ट सिटी के तहत जालंधर रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार का काम तेजी से चल रहा है। रेलवे ने बीते सप्ताह सर्कुलेटिग एरिया से गुजरने वाले दो रास्तों को खोल दिया है, जबकि दोमोरिया पुल से आने वाले तीसरे रास्ते को अभी दो दिन बाद खोला जाएगा।मौजूदा समय में उस रूट की सड़क बनाई जा रही है। अभी एक तरफ की सड़क बना दी गई है, जबकि दूसरी तरफ का हिस्सा अभी पूरा बनाया जाना है। अगर अभी तीसरा रास्ता खोल दिया तो सड़क निर्माण में दिक्कत आ सकती है। इस स्थिति को देखते हुए ही रेलवे की तरफ से अभी सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तीसरा रास्ता खोला जाएगा। इसके बाद रेलवे की तरफ से पिक एंड ड्राप लेन पर स्पीड ब्रेकर भी बनाई जाएगी। इस सड़क के पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाने से वाहनों की रफ्तार भी बढ़ जाएगी। यही नहीं कहीं दोमोरिया पुल से आने वाले वाहन भी पिक ड्राप लेन का इस्तेमाल रेलवे कालोनी की तरफ न करना शुरू कर दें, यह भी समस्या खड़ी होगी। इसके चलते पिक एंड ड्राप के दौरान बाहरी वाहनों की आवाजाही रोकना और स्टेशन आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने में रेलवे को चुनौतियों को सामाना करना पड़ेगा।