नीलकमल फैक्ट्री में धमाका, एक कर्मचारी की मौके पर हुई मौत

जालंधर,(विशाल)-बस्ती बावा खेल की मिट्‌ठू बस्ती स्थित मशहूर नीलकमल टायर फैक्ट्री में सोमवार को जबरदस्त धमाका हो गया। इससे वहां काम कर रहे कर्मचारी जतिंदर कुमार उर्फ भोला की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में कहा जा रहा है कि फैक्ट्री के भीतर ब्वॉयलर फटा है लेकिन फैक्ट्री मालिकों का कहना है कि पाइप फटने की वजह से स्टीम लीक हुई और झुलसने से उस कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।फैक्ट्री कर्मचारी जतिंदर कुमार उर्फ भोला के रिश्तेदार प्रवीन ने कहा कि वो उसका भाई था और पिछले चार साल से यहां काम कर रहा था। उसने आरोप लगाया कि भोला को किसी खतरनाक काम में लगाया गया था, जिस वजह से वो कुछ दिन से काम पर नहीं आ रहा था। सोमवार को उसे जबरदस्ती लेकर आए और यह हादसा हो गया। इसके बाद फैक्ट्री मालिकों ने किसी को नहीं बताया और गुपचुप ही उसकी लाश को सिविल अस्पताल भेज दिया गया। प्रवीन ने कहा कि उसका भाई शादीशुदा है लेकिन पत्नी कपूरथला में रहती थी। उन्हें यही कहा गया था कि फैक्ट्री के अंदर ब्वॉयलर फटा है, जिससे भोला की मौत हुई है।इस बारे में नीलकमल टायर फैक्ट्री मालिकाें ने कहा कि मृतक भोला हेल्पर का काम करता था। वह सामान को यहां से वहां रखता था। सोमवार को भी वह अपना काम कर रहा था लेकिन अचानक कुछ सामान वहां पाइप पर गिर गया। जिससे उससे स्टीम निकल गई और वह घबरा गया। संभव है कि उसी वजह से उसकी मौत हुई हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *