वेतन न मिलने पर अस्थायी सफाई कर्मचारियों ने लगाया धरना

जालंधर छावनी  स्टेशन हेड क्वार्टर में कार्यरत अस्थाई सफाई कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण रक्षा लेखा विभाग के दफ्तर के बाहर धरना दिया। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि बोर्ड के ठेकेदार ने उन्हें अस्थाई रूप से नौकरी पर रखा है और वह स्टेशन हेड-क्वार्टर के लिए साफ-सफाई का कार्य करते हैं, पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नही मिला जिस कारण उनको अपना घर चलाने में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रक्षा लेखा विभाग के अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि वह सीधे तौर पर इन कर्मचारियों से संबंधित नही हैं। इन कर्मचारियों को वेतन देना कैंट बोर्ड व उनके ठेकेदार का काम है, उनका काम कैंट बोर्ड द्वारा भेजे गए बिल को पास कर राशि जारी करना है। बोर्ड ने इन कर्मचारियों के जो बिल भेजे हैं उनमें कुछ त्रुटि है, जिस कारण वेतन की रकम जारी करने में देरी हो गई। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वह संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उनकी समस्या का तुरंत निवारण करेंगे व दोपहर तीन बजे तक सभी कर्मचारियों की वेतन राशि ठेकेदार के खाते में जारी कर देंगे। रक्षा लेखा विभाग अधिकारी के आश्वासन व थाना कैंट प्रभारी अमृतपाल सिंह के भरोसा दिलाने पर कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन खत्म किया। उधर, जब इस सिलसिले में पत्रकार ने रक्षा लेखा अधिकारी से उनका पक्ष जानने के लिए उनके दफ्तर की और जाने लगा तभी वहां रक्षा लेखा विभाग के राजेश शर्मा नामक कर्मचारी ने उक्त पत्रकार से दु‌र्व्यवहार किया व दफ्तर के गेट से बाहर जाने को कहा जिससे वहां मौजूद सभी पत्रकारों में उस अधिकारी के खिलाफ काफी रोष पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *