जालंधर,(विशाल) राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा महीने के तहत बुधवार को लम्मा पिंड चौक पर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत डीसीपी ट्रेफिक नरेश डोगरा, एडीसीसीपी गगनेश कुमार, एसीपी हरबिंदर सिंह ने वाहन चालकों और राहगीरों को ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाकर की। इस मौके पर ट्रैफिक पुलिस की टीम ने वाहनों के पीछे रिप्लेक्टर लगाए। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सर्दियों में रात में पड़ने वाली धुंध के कारण भयानक हादसे होते हैं। इसका बहुत बड़ा कारण वाहनों की पीछे रिफ्लेक्टर ना लगा होना भी है। इसलिए सभी इसे लगवाएं और ड्राइविंग करते समय सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं बल्कि कीमत जिंदगी बचाने के लिए करें। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर वे खुद ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे दूसरों की भी कीमती जान बचेगी। जाने-अनजाने में एक की लापरवाही दूसरे पर भारी पड़ती है।पुलिस अधिकारियों ने सभी को ब्लैक स्पाट प्वाइंट के बारे में भी बताया। ट्रैफिक एजुकेशन सेल के एएसआई शमशेर सिंह, एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि इस समय राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा महीना मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी को इसका महत्व बताया। प्रोग्राम के दौरान ही वाहनों के पीछे रिफलेक्टर और रिफ्लेक्टर टेप भी लगाई गई, ताकि हादसों को रोका जा सके। इस मौके पर उनके साथ इंस्पेक्टर रमेश लाल, एएसआई नरिंदरजीत सिंह, एएसआई बलबीर सिंह आदि मौजूद थे