जालंधर ,(विशाल) थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने वडाला चौक नजदीक से 4 नशा तस्करों को 450 किलोग्राम चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सब इंस्पेक्टर जसवीर सिंह पुलिस पार्टी सहित चीमा चौक में मौजूद थे, तभी उन्हें सूचना मिली की चार व्यक्ति जम्मू कश्मीर नंबर के ट्रक में से नशीले पदार्थों की बोरियां उतारकर पोलो गाड़ी में डाल रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर एसआई जसवीर सिंह ने पुलिस पार्टी सहित छापेमारी कर चारों व्यक्तियों को काबू कर उनके पास से 23 बोरियों में भरी भरा हुआ 450 किलो चूरा पोस्त बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना नाम इरशाद (19),दानिश (26) निवासी पिंड दयाल गाम जिला अनंतनाग जम्मू कश्मीर, मनजीत सिंह (34) निवासी गुरु अर्जन देव नगर लुधियाना और गुरदीप सिंह (32) निवासी फतेहगढ़ साहिब बताया। पुलिस पूछताछ दौरान पता चला कि आरोपी इरशाद अनंतनाग के एक प्राइवेट स्कूल में दसवीं क्लास में पढ़ता है और पार्ट टाइम ऑटो चलाता है, जबकि दानिश बीए सेकेंड ईयर पास है और ड्राइवरी करता है। वहीं गुरदीप सिंह पर पटियाला में पहले ही तीन केस एनडीपीएस एक्ट के चल रहे हैं और मनजीत 1 साल से नशे का कारोबार कर रहा है। पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है