नई दिल्ली, (R.aajtak)-इस सीजन में अंडा बाज़ार (Egg Market) लगातार अपने ही रिकॉर्ड तोड़ रहा है. बीते 18 दिन में अंडे के भाव में 130 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है. देश की सबसे बड़े अंडा बाज़ार बरवाला (Barwala) में 550 रुपये प्रति सैंकड़ा के भाव से अंडा बिक रहा है. जानकारों की मानें तो आज से 4 साल पहले अंडा 543 रुपये के रेट से बिका था. अंडे के लगातार बढ़ते रेट के बारे में किसी का कहना है कि मुर्गियों में आरडी नाम की बीमारी आई है, तो किसी का कहना है कि महंगा अंडा बेचने के लिए यह मार्केट की स्ट्रेटजी है. क्योंकि कोल्ड स्टोरेज (Cold Storage) में भी अंडा भरा हुआ है. 18 दिन में 420 से 550 के रेट पर पहुंचा अंडा मान्या एग ट्रेडर्स के राजेश राजपूत ने न्यूज18 हिंदी को बताया, “2 दिसम्बर को प्रति 100 अंडे का भाव 420 रुपये था. 5 दिसम्बर को यह 423 रुपये हो गया. हमेशा इसी अंतर से बाज़ार ऊपर-नीचे होता रहता है. अगर बहुत ज़्यादा बाज़ार बिगड़ता भी है तो 7-8 रुपये का फर्क आता है. लेकिन 6 दिसम्बर को बरवाला जो देश की सबसे बड़ी अंडा मंडी है में अंडे का भाव 483 रुपये पर पहुंच गया. अगर बीते 4-5 दिन की बात करें तो अंडे के भाव में 40 से 45 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. अभी कारोबारी बहुत सहमा हुआ है. ऐसी आशंका है कि अंडा बाज़ार अभी और ऊपर जा सकता है.”