लंदन, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2023 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया की टक्कर होगी. यह खिताबी मुकाबला आज (7 जून) से लंदन के द ओवल मैदान में खेला जाएगा. WTC फाइनल को लेकर भारतीय टीम जमकर प्रैक्टिस कर रही है. मगर इसी बीच पिच को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, द ओवल स्टेडियम मैनेजमेंट ने WTC फाइनल के लिए दो पिच तैयार की हैं. यह फैसला देशभर में चल रहे ऑयल प्रोटेस्ट के चलते लिया है. ऐसा डर है कि कहीं विरोध प्रदर्शन कर रहे लोग पिच खराब ना कर दें. यदि ऐसा होता है तो दूसरी पिच पर मैच कराया जा सकता है. वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कहा- यह एक चैंपियनशिप फाइनल का मैच है. ऐसे में हम सभी तरह की चीजों के लिए तैयार हैं. हम चाहते हैं कि फाइनल का नतीजा निकले.
दरअसल, लंदन में इन दिनों ‘जस्ट स्टॉप ऑयल’ प्रदर्शन हो रहे हैं. इन प्रदर्शनों के तहत प्रदर्शनकारी ब्रिटेन सरकार की नई तेल, गैस और कोयला परियोजनाओं का विरोध कर रहे हैं. इनकी मांग है कि सरकार जल्द से जल्द इन परियोजनाओं से जुड़े लाइसेंसों को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दे. ऐसा माना जा रहा है कि पिच को यह प्रदर्शनकारी नुकसान पहुंचा सकते हैं.