नवादा/पटना. लोकसभा चुनाव के पहले चरण से पहले बिहार के नवादा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से नवादा प्रत्याशी विवेक ठाकुर के समर्थन में वोट देने की अपील की. पीएम नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा के दौरान राम मंदिर से लेकर धारा 370 को लेकर बात रखी. वहीं उन्होंने बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी के प्रयासों की भी तारीफ की. पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार और सुशील मोदी के बेहतर कार्य की वजह से ही बिहार में विकास हुआ और बिहार जंगल राज्य से मुक्त हुआ
वहीं इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत माता और छठी माता के जयकारे लगवाए. छठी माता को मंच से प्रणाम किया. इसके बाद पीएम मोदी ने नवादा की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि नवादा लोकनायक जयप्रकाश की कर्मभूमि है. नवादा ने एनडीए को हमेशा प्यार दिया है. दोनों गेट से लोगों का हुजूम आता ही जा रहा है. पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मगध की इस धरती में चंद्रगुप्त मौर्य का शौर्य है. ये क्षेत्र बिहार के पहले सीएम बिहार केसरी श्री कृष्ण बाबू की जन्मभूमि है. ये जेपी की भी कर्मभूमि है. मैं इन सबों को आदर पूर्वक नमन करता हूं.