मध्य प्रदेश में ग्वालियर चंबल अंचल के सबसे बड़े जयारोग्य अस्पताल में डॉक्टरों का एक अजीबोगरीब कारनामा सामने आया है. जयारोग्य अस्पताल के डॉक्टरों ने एक जिंदा महिला को मृत घोषित कर दिया. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने महिला को मृत मानकर परिजनों से शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखने के लिए कहा जब परिजन महिला के शव को पीएम हाउस लेकर गए और उसके बाद महिला के पति नरपत सिंह राजपूत ने जब अपनी पत्नी के सीने पर हाथ रखा तो धड़कन चल रही थी. अपनी पत्नी की धड़कन को देखकर पति दंग रह गया. उसके बाद वहां भीड़ इकट्ठी हो गई. परिजन तत्काल महिला को अस्पताल लेकर आए और इलाज शुरू करवाया उत्तर प्रदेश के रहने वाले महिला के पति नरपत सिंह राजपूत ने बताया कि उसकी पत्नी रामवती का 2 दिन पहले एक्सीडेंट हो गया था. उसके बाद उसे झांसी में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था. गंभीर हालत में उसे ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया लेकिन बीती रात उसकी पत्नी को एनेस्थीसिया के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके बाद डॉक्टर के निर्देश पर परिजनों ने महिला के शव को पीएम हाउस में रखवा दिया.