तेल अवीव, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि गाजा में युद्ध पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है, विराम के बाद ये फिर से शुरू होगा। गाजा में गुरुवार सुबह समाप्त हो रहे सीजफायर से ठीक पहले नेतन्याहू का ये बयान आया है। नेतन्याहू ने कहा कि हाल के दिनों में लगातार ये सवाल पूछा जा रहा है कि बंधकों की वापसी के चरण को पूरा करने के बाद क्या इजरायल लड़ाई में वापस जाएगा। इस पर मेरा जवाब स्पष्ट रूप से हां है। हम निश्चित रूप से लड़ाई में वापस जा रहे हैं। अपने बंधकों की रिहाई के बाद हम सैन्य अभियान शुरू करेंगे। नेतन्याहू ने कहा कि ऐसी कोई स्थिति नहीं है जिसमें हम अंत तक लड़ाई से पीछे हटें। यह मेरी नीति है और पूरी सिक्योरिटी कैबिनेट भी इस बात को मान रही है। इसी नीति के पीछे पूरी सरकार है। सैनिक और लोग भी इसी के पीछे हैं। हम बिल्कुल यही करेंगे। दूसरी ओर हमास कमांडर ओसामा हमदान ने लेबनानी अल-मयादीन टीवी से कहा है कि संघर्ष विराम की समाप्ति के बाद की सभी संभावनाओं के लिए उन्होंने खुद को तैयार कर लिया है। अगर इजरायल की ओर से हमला होता है तो वह उसका जवाब देंगे और अगर शांति जारी रहती है, तो वह भी शांति जारी रखेंगे।