जालंधर/शाहकोट, राज्य सभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल और ‘आप’ नेता पाला जलालपुर ने साझा तौर पर लोहियां से जकोपुर जाने वाली सड़क की मुरम्मत का काम शुरू करवाया। यह सड़क बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण लोगों को यहां से गुजरने में मुश्किल पेश आ रही थी।
आज दोपहर बाद राज्य सभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल और हलका इंचार्ज पाला जलालपुर की अगुवाई में मिट्टी की ट्रालियां, कराही और जे.सी.बी. के साथ काम की शुरुआत की गई। कंग खुर्द में हुए इकट्ठ के दौरान आस-पास के लगभग 20 गांवों से पंच-सरपंच और अन्य लोग पहुंचे हुए थे।
संत सीचेवाल ने बताया कि जहां सड़क ज्यादा खराब है, वहां गटका भी डाला जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह काम आने वाले कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा। उन्होंने गांवों के लोगों से अपील की कि इस मुहिम में बढ़-चढ़कर सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि इस उपक्रम का उदेश्य रास्ते को आवाजाही योग्य बनाना है, ताकि कटाई के सीजन के दौरान किसानों को अपनी फसल की ढुलाई में मुश्किल न आए। सड़क के आवाजाही योग्य होने से किसानों को अपनी फसल की ढुलाई में सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर हलका इंचार्ज पाला जलालपुर भी मौके पर मौजूद रहे और चल रहे काम का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वह पूरी तनदेही से निभाएंगे और लोगों की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसी दौरान धुस्सी बांध पर बनने वाली सड़क का जायजा लेते हुए मंडाला छन्ना में इलाके के लोगों से बातचीत की और चल रहे काम की प्रगति का जायजा लिया।
बॉक्स आइटम : बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों को संबोधित करते हुए संत सीचेवाल ने कहा कि सतलुज दरिया के धुस्सी बांध का इलाका ऐसा है, जहां थोड़े समय बाद बाढ़ की मार पड़ती रहती है। उन्होंने लोगों को बाढ़ आने पर ही इंतजाम करने के बजाय इसकी पहले से तैयारी रखने और बांधों को मजबूत करने तथा उन पर लगातार पहरा देने की जरूरत पर जोर दिया। संत सीचेवाल ने कहा कि मंडाला छन्ना के संवेदनशील बांध के हिस्से को मजबूत करने के लिए 18 करोड़ की लागत से पत्थर लगाए गए है।