नामी कंपनी के नाम पर बन रही थी नकली दवाइयां, देशभर में अलर्ट किया गया जारी

सोलन के बद्दी में हाल ही में नामी कंपनियों के नाम पर बनाई जा रही नकली दवाइयों का पर्दाफाश हुआ था। बड़ी संख्या में नामी कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां बनाई जा रही थी। खुलासा होने के बाद देश भर में अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल का बद्दी फार्मा क्षेत्र में एशिया का सबसे बड़ा हब माना जाता है। बद्दी में देश की दिग्गज दवा निर्माता कंपनियों की यूनिट हैं। यहां से देशभर के लिए दवाइयां सप्लाई की जाती हैं। ऐसे में नकली दवाइयों का पर्दाफाश होने के बाद पूरे देश में अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल सरकार ने सभी राज्यों के दवा नियंत्रक अधिकारियों को नकली दवाओं को लेकर आगाह किया है और दवाइयों की जांच करने के लिए कहा है।

जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों ने नकली दवाओं की खेप को उत्तर प्रदेश में सप्लाई किया था। अब दवा नियंत्रक प्राधिकरण की टीमों को यहां जांच के लिए भेजा गया है। यूपी के अलीगढ़ और इटावा में दो टीमें बीते दिनों से डेरा जमाए बैठी हैं। टीमें मेडिकल एजेंसी को बेची गईं इन दवाओं की जानकारी हासिल कर रही हैं।

अब तक उत्तर प्रदेश में पांच लाख रुपये की नकली दवाओं को बरामद किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए आगरा के रहने वाले मुख्य आरोपी मोहित बंसल के घर से बिना पैकिंग की दवाइयों को बरामद कर कब्जे में लिया गया है। इसके अलावा मुरादाबाद से भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। हिमाचल दवा नियंत्रक प्राधिकरण को आशंका है कि आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी नकली दवाओं की सप्लाई की होगी। अब तक चार आरोपियों की मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *