जालंधर, भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली गई ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ आज अपने मुकाम पर पहुंची। चारों यात्राओं के जालंधर में प्रवेश करने पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि ये यात्राएं 18 सितंबर को माधोपुर, 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब, 20 सितंबर को फाजिल्का और 21 सितंबर को श्री गुरु दमदमा साहिब, तलवंडी साबो से शुरू हुई थीं। लगातार 13 दिनों तक पंजाब के गांव-गांव पहुंची इन यात्राओं ने एक जन आंदोलन का रूप धारण कर लिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने इस नशामुक्त पंजाब अभियान को भरपूर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब ने नशे के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की है, जिसने पंजाब के लोगों को यह विश्वास दिलाया है कि यदि पंजाब में नशा खत्म किया जा सकता है तो यह केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि 30 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन अवसर पर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री का पंजाब आना नशे के खात्मे की शुरुआत होगी। नशे के खिलाफ शुरू हुआ यह अभियान अब नशे के पूरी तरह खात्मे तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर जालंधर के जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।