जालंधर, (विशाल/ रोजाना आजतक)-काला संघिया रोड पर एक नकाबपोश चोर ने आरओ की दुकान में चोरी की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। वारदात का पता अगले दिन सुबह चला, जब इलाके के लोग वहां से गुजरे। यह पूरी कोशिश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।बलविंदर कुमार ने बताया कि वह ग्रीन एवेन्यू के नजदीक काला संघिया रोड पर एटूजेड आरओ सिस्टम के नाम से दुकान चलाते हैं। शनिवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए। रविवार की छुट्टी थी लेकिन उन्हें सुबह दुकान वाली इमारत के मालिक का फोन आया कि उनका शटर बाहर की तरफ खींचा गया है। वो मौके पर पहुंचे तो पहले ताला और फिर शटर तोड़कर चोरी की कोशिश की गई थी, हालांकि चोर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सका।यह सारा वाकया पास में ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। इसमें चोर कई बार कोशिश करता है लेकिन ताला या शटर नहीं तोड़ पाता। इस दौरान उसे भी पता चल जाता है कि यहां सीसीटीवी कैमरे लगा हुआ है और बार-बार वो सीसीटीवी की तरफ देख भी रहा है लेकिन फिर भी कोशिश करता रहा। हालांकि बाद में वो बिना चोरी के ही भाग निकला। पुलिस का कहना है कि उनके पास सूचना आई है लेकिन चोर वारदात करने में सफल नहीं हुआ, फिर भी सीसीटीवी में कैद हुए आरोपित के बारे में पड़ताल की जा रही है।