इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने भारत से करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने और 17 से 26 नवंबर तक गुरु नानक देव की जयंती समारोह के अवसर पर तीर्थयात्रियों को पाकिस्तान में प्रवेश करने की अनुमति देने का आह्वान किया है। करतारपुर कॉरिडोर (गलियारा) के उद्घाटन की दूसरी वर्षगांठ को चिह्न्ति करते हुए, पाकिस्तान ने आशा व्यक्त की है कि भारत तीर्थयात्रियों को सहयोग की भावना से कॉरिडोर से यात्रा करने की अनुमति देगा।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, “आने वाली गुरु नानक की जयंती पर 17-26 नवंबर तक होने वाले समारोह में, हम भारत और दुनिया भर के भक्तों की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हैं।”
बयान में कहा गया है, “पिछले दो वर्षों में, गलियारे ने न केवल दुनिया भर के सिख समुदाय की श्रद्धेय स्थल तक आसान पहुंच की इच्छा को पूरा किया है, बल्कि यह उस श्रेष्ठता को भी दर्शाता है जो पाकिस्तान देश में सभी धार्मिक अल्पसंख्यकों को देता है। कॉरिडोर ने अंतर-धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए नए रास्ते खोले हैं।” बयान में यह भी याद दिलाया गया है कि करतारपुर कॉरिडोर को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने फरवरी 2020 में करतारपुर साहिब की अपनी यात्रा के दौरान ‘आशा का गलियारा’ के रूप में वर्णित किया था।
पाकिस्तान ने दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और देश में सभी धार्मिक स्थलों को खोलने के बावजूद गलियारा खोलने से परहेज करने के लिए भारत की आलोचना भी की है।