JALANDHAR : महानहर में ग्रीन मॉडल टाउन के इनोसेंट हार्ट स्कूल के पास स्थित पीएनबी में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने करीब 17 लाख रुपए लूट लिए हैं। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने बैंक के कर्मचारियों को पहले बांधा और फिर इस घटना को अंजाम दिया। वे कुछ ही मिनट में घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 9.45 बजे की है। बताया जा रहा है कि लुटेरे 3 थे और पैदल ही बैंक तक पहुंचे थे। उन्होंने जैकेट में दातरें छुपा रखी थीं। तीनों ने बैंक में मौजूद तीन कर्मचारियों को बंधक बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मौके पर थाना डिवीजन छह की पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। ज्वाइंट कमिश्नर आफ पुलिस दीपक पारिख की अगुवाई में पुलिस ने जांच आरंभ कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बता दें कि पहले भी गढ़ा रोड के निजी गोल्ड लोन दफ्तर में हथियारबंद लुटेरों ने करीब ढाई करोड़ की लूट को अंजाम दिया था।