अमृतसर दोहरा ब्लास्ट मामला : NIA और NSG ने जांच की शुरू

AMRITSAR : अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के पास ‘हेरिटेज स्ट्रीट’ पर सारागढ़ी बहुमंजिला पार्किंग के पास हुए दोहरे विस्फोटों की जांच अब NIA की एक टीम कर रही है। देर रात NIA की टीम के पहुंचने के बाद मंगलवार सुबह NSG की टीम भी जांच के लिए विरासती मार्ग पहुंची। दोनों टीमों ने घटना स्थल पर सीन रीक्रिएट किया और पूरे एरिया का मुआयना भी किया।
वहीं इससे पहले टीम ने फोरेंसिक जांच टीमों से ब्योरा लेने के अलावा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की है। इस बीच पुलिस सूत्रों के हवाले से खुलासा हुआ है कि ‘हेरिटेज स्ट्रीट’ पर हुए दो विस्फोटों में इस्तेमाल विस्फोटक 250 मिलीलीटर के दो कैन ‘हेल’ नामक कोल्ड ड्रिंक के कैन में पैक किए गए थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि कैन को गिराने या ऊंचाई से फेंके जाने पर उनमें विस्फोट हो गया। एनआईए और NSG की टीम के अमृतसर पहुंचते ही हेरिटेज स्ट्रीट पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है। पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए बहुमंजिला पार्किंग की छत पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।
गौरतलब है कि पहला धमाका शनिवार रात को हुआ, जबकि दूसरा कम तीव्रता का धमाका बीते सोमवार को सुबह हुआ था। पहले दिन में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने घटनास्थल का दौरा किया था। उन्होंने कहा था कि विस्फोटकों को कच्ची सामग्री से तैयार किया था। दूसरा रहस्यमयी धमाका सोमवार को उसी जगह के पास हुआ जहां शनिवार रात पहला धमाका हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *