जालंधर, महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन के नेतृत्व में जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो के सहयोग से महिलाओं के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार से संबंधित जिला स्तरीय विशेष समागम स्थानीय एच.एम.वी. कॉलेज में करवाया गया।
समागम में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) नवदीप कौर ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए कहा कि इस कैंप का उद्देश्य महिलाओं की स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों के बारे में जागरूकता पैदा करने के अलावा उन्हें सशक्त बनाने के लिए रोजगार/स्वरोजगार के अवसरों के बारे में अवगत करवाना है।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो नीलम महे भी मौजूद रहीं।
समागम के दौरान सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी और अन्य विभागों द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी स्कीमों संबंधी जानकारी के अलावा इस संबंधी प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इस कैंप का मुख्य आकर्षण रोजगार मेला रहा, जिसमें करीब 200 विद्यार्थियों ने रोजगार के अवसरों के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया।
इस मौके पर जिला प्रोग्राम अधिकारी मनजिंदर सिंह, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी अजय भारती, सचिव जिला रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल, लीड बैंक मैनेजर एम.एस. मोती, सिविल सर्जन दफ्तर से असिम शर्मा, प्रिंसिपल एकता खोसला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।