बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा ने कई दशकों तक इंडस्ट्री पर राज किया है, लेकिन जब वो बड़े पर्दे से दूर हुए तो काफी वक्त तक नजर ही नहीं आए। गोविंदा खुद जहां इसके पीछे इंडस्ट्री की घटिया पॉलिटिक्स को वजह बताते हैं, वहीं हेटर्स ने हमेशा कहा है कि सक्सेस गोविंदा के सिर चढ़ गई थी। अब एक इंटरव्यू में गोविंदा ने ‘डेगू मच्छर’ और ‘औरंगजेब’ जैसे भारी शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन लोगों पर निशाना साधा जो उनके करियर को खत्म करने की कोशिशों में जुटे रहते हैं। गोविंदा ने बिना लाग-लपेट कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो उन्हें हारते देखने के लिए मरे जा रहे हैं।
गोविंदा से उनकी नाकामयाबी और इंडस्ट्री में काम नहीं मिलने की वजहों पर सवाल किया गया और पूछा गया कि लोग कहते हैं कि वो सेट पर लेट आने लगे थे। तो गोविंदा ने इस आरोप का करारा जवाब देते हुए कहा कि उन्हें और संजय दत्त या सलमान खान जैसे स्टार्स को सेट पर लेट आने के लिए बदनाम किया जाता है। गोविंदा ने कहा, ‘अमिताभ बच्चन जी तो हमेशा समय पर आते थे, फिर भी उन्हें 15 साल तक काम से बाहर रखा गया। यह सब एक प्लान के तहत किया जाता है ताकि किसी को भी आउट किया जा सके।’ गोविंदा ने कहा कि यह सिर्फ उनके साथ नहीं, बल्कि कई बड़े दिग्गज कलाकारों के साथ हो चुका है।