महाराष्ट्र के मुंबई के भाईंदर पूर्व से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. महज 9 साल के एक बच्चे ने अपने ही पिता पर अमानवीय शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है. बच्चे के शरीर पर गर्म इस्त्री से जलाने के निशान, डंडे से पिटाई और भूखा रखने के सबूत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़ित बच्चा उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित भक्ति वेदांता गुरुकुल एंड इंटरनेशनल स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र है और स्कूल के छात्रावास में रहता है. बच्चे के मुताबिक, उसके पिता साल 2021 से पढ़ाई में छोटी-छोटी गलतियों पर उसे बेरहमी से पीटते थे. साल 2024 में उसकी मां की कैंसर से मौत हो गई, जिसके बाद वह पहले से ही मानसिक रूप से टूट चुका था. इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए उसे वृंदावन के गुरुकुल भेज दिया गया.