अलीगढ़ से फरार सास-दामाद की जोड़ी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है. दोनों ने अपने फैसले को सही बताया है. कहा कि दोनों अब साथ में ही रहना चाहते हैं. होने वाली सास संग भागे दामाद राहुल ने कहा कि मैं इनसे शादी करने को तैयार हूं. बाकी इनकी मर्जी है
दामाद राहुल ने कहा- सास पर मेरी नीयत खराब नहीं हुई. इनका पति इन्हें टॉर्चर करता था. मारता-पीटता था और गंदी-गंदी गालियां देता था. ये पति से इतना परेशान हो चुकी थीं और घर वाले भी इनके सपोर्ट में नहीं थे. फिर मुझसे बात शुरू हुई तो इन्होंने मुझे सबकुछ बताया. मैं तो 6 अप्रैल को भी शॉपिंग के लिए निकला था, तभी इनका फोन आया और बोलीं कि मैं मर जाऊंगी अगर तुम मुझे लेने नहीं आए तो. मैं बस इसीलिए गया था कि कहीं ये कुछ गलत कदम न उठा लें.
राहुल ने बताया- हम दोनों कासगंज में मिले. फिर 7 अप्रैल को मुजफ्फरपुर पहुंचे. जब हमें पता चला कि पुलिस हमें ढूंढ रही है तो हमने सोचा क्यों न हम खुद ही सरेंडर कर दें. तब हम दादों थाने पहुंचे. शादी करने की बात पर राहुल बोला- सब कुछ इनपर निर्भर करता है, ये चाहें तो मैं इनसे शादी करने को तैयार हूं. जैसा ये कहेंगी वैसा होगा. शर्त बस ये है कि इसमें इनकी मर्जी होनी चाहिए. मैं तो इनके साथ ही रहना चाहता हूं. उम्र से कोई फर्क नहीं पड़ता