नए वक्फ बोर्ड कानून पर बुधवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कई बड़ी बातें कहीं, जिनसे संकेत मिलता है कि सर्वोच्च अदालत कानून के कुछ प्रावधानों से सहमत नहीं दिखती. सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस (CJI) ने 3 प्वाइंट्स बताए, जिसे लेकर वे अंतरिम आदेश जारी करने वाले थे. लेकिन ऐन मौके पर सरकार की ओर से पैरवी कर रहे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने वक्त मांग लिया और कहा कि जब तक आप हमें सुन नहीं लेते, तब तक कोई आदेश जारी न करें तो अच्छा होगा. अदालत ने भी उनकी बात मान ली और अंतरिम आदेश तक के लिए टाल दिया. माना जा रहा है कि गुरुवार को अदालत इस पर कोई अंतरिम आदेश दे सकती है.